इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के हेडक्वार्टर पर ईरान का बड़ा हमला

नई दिल्ली/तेहरान। इजराइल और ईरान के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच ईरान ने मंगलवार को तेल अवीव में इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के हेडक्वार्टर पर बड़ा हवाई हमला किया है। इसके अलावा मिलिट्री इंटेलिजेंस से जुड़ी खुफिया एजेंसी AMAN की बिल्डिंग को भी निशाना बनाया है। ईरान की सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मीडिया को दिए बयान में दोनों जगहों पर हमलों की पुष्टि की है। सोशल मीडिया पर मोसाद हेडक्वार्टर पर हमले का वीडियो भी सामने आया है जहां हमले के बाद भीषण आग लग गई।

दूसरी तरफ इजराइली हवाई हमले में ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारी मेजर जनरल अली शादमानी की मौत हो गई है। शादमानी ईरान की खतम-अल-अनबिया हेडक्वार्टर्स यानी सैन्य आपात कमान के प्रमुख थे। उन्होंने चार दिन पहले ही यह पद संभाला था। उन्हें इजराइली हमले में मारे गए मेजर जनरल गुलाम अली राशिद की जगह यह जिम्मेदारी दी गई थी। राशिद की मौत पिछले शुक्रवार को हुई थी।

इजराइली हमलों में अब तक 224 ईरानी मारे जा चुके है, जबकि 1,481 लोग घायल हुए हैं। वहीं, इजराइल में अब तक 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 600 से ज्यादा घायल हैं। इस बीच ईरान ने छुट्टी पर गए सभी डॉक्टरों और नर्सों को काम पर वापस बुला लिया है। ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री सईद सज्जाद रजावी ने अपने बयान में कहा, ‘डॉक्टरों और नर्सों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों पर लगातार मौजूद रहने के लिए कहा गया है।’

इस बीच इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को चेतावनी दी है कि उनका भी हश्र इराक के सद्दाम हुसैन जैसा हो सकता है। काट्ज ने कहा, ‘मैं ईरानी तानाशाह को हमले जारी रखने और इजराइली नागरिकों पर मिसाइल दागने के खिलाफ चेतावनी देता हूं। उन्हें अपने पड़ोसी देश ईराक के तानाशाह का हश्र याद रखना चाहिए, जिसने इजराइल के खिलाफ यही रास्ता चुना था।’

Previous articleएलआईसी ने अडानी की कंपनी को दिया 5,000 करोड़ रुपये उधार
Next articleभाषा की जंग में कूदे राहुल गांधी, गृह मंत्री अमित शाह को दिया करारा जवाब
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here