पटना। नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उनको पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी के सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को डिप्टी सीएम बनाया गया है। राजधानी पटना के गांधी मैदान में गुरुवार (20 नवंबर 2025) को हुए भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े भाजपा नेता मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने मंच से गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, यूपी, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली, एमपी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मंच पर चिराग पासवान ने जीतनराम मांझी और जेपी नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
शपथ ग्रहण समारोह में कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें 14 बीजेपी कोटे से, 8 जदयू से, 2 लोजपा (रामविलास) से जबकि हम और कुशवाहा की पार्टी से 1-1 को मंत्री बनाया गया है। इस मंत्रिमंडल में एक मुस्लिम चेहरा भी शामिल है। जेडीयू ने जमा खान को फिर से मंत्री बनाया है।
नीतीश कैबिनेट में इस बार नए चेहरों को मौका दिया गया है। रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। चिराग की पार्टी से 2 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। इसमें संजय सिंह भी शामिल हैं। संजय सिंह महुआ से चुनाव जीते हैं। उन्होंने लालू यादव के बेटे तेजप्रताप को हराया है। 26 मंत्रियों में से एक दीपक प्रकाश किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक को विधान परिषद में लाया जाएगा।
जातीय समीकरण के हिसाब से देखें तो नई टीम में सवर्ण, ओबीसी, दलित, महादलित, वैश्य, कुर्मी, कुशवाहा, निषाद, यादव, महिला और मुसलमान सभी वर्गों को मौका दिया गया है। राजपूत कोटे से 4, भूमिहार-2, ब्राह्मण-1, कायस्थ-1, कुशवाहा (कोइरी)-3, कुर्मी-2, वैश्य-बनिया-2, यादव-2, मुस्लिम-1, मल्लाह-निषाद-2, दलित कोटे से 5 और अन्य अति पिछड़ा वर्ग से एक विधायक को मंत्री बनाया गया है।
नीतीश सरकार के मंत्रियों की पूरी लिस्ट
सम्राट चौधरी (बीजेपी)- कुशवाहा
विजय सिन्हा (बीजेपी)- भूमिहार
दिलीप जायसवाल (बीजेपी)- वैश्य
मंगल पांडे (बीजेपी)- ब्राह्मण
नितिन नवीन (बीजेपी)- कायस्थ
सुरेंद्र मेहता (बीजेपी)- कुशवाहा
संजय टाइगर (बीजेपी)- राजपूत
लखेंद्र रौशन (बीजेपी)- दलित
श्रेयसी सिंह (बीजेपी)- राजपूत
अरुण शंकर प्रसाद (बीजेपी)- सूड़ी
राम कृपाल यादव (बीजेपी)- यादव
रमा निषाद (बीजेपी)- मल्लाह
नारायण प्रसाद (बीजेपी)- बनिया
प्रमोद कुमार चंद्रवंशी (बीजेपी)- अति पिछड़ा
नीतीश कुमार (जेडीयू)- कुर्मी
अशोक चौधरी (जेडीयू)- दलित
लेसी सिंह (जेडीयू)- राजपूत
सुनील कुमार (जेडीयू)- दलित
विजेंद्र यादव (जेडीयू)- यादव
श्रवण कुमार (जेडीयू)- कुर्मी
विजय चौधरी (जेडीयू)- भूमिहार
मदन सहनी (जेडीयू)- मल्लाह
जमा ख़ान (जेडीयू)- मुस्लिम
संजय पासवान (लोजपा)- दलित
संजय सिंह (लोजपा)- राजपूत
संतोष कुमार सुमन (हम)- महा दलित
दीपक प्रकाश (रालोमो)- कुशवाहा
इससे पहले बुधवार को बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए के 202 विधायकों की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से गठबंधन का नेता चुना गया था। जेडीयू ने भी अपनी अलग बैठक में नीतीश को विधायक दल का नेता चुना था।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नवनिर्वाचित विधायकों ने भी अलग से बैठक की थी जिसमें यूपी के उपमुख्यमंत्री और पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य ने सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता घोषित किया।
एनडीए ने पिछले हफ़्ते बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए सत्ता में वापसी की थी। 243 सीटों में से एनडीए को 202 सीटें मिलीं जिसमें बीजेपी 89, जेडीयू 85, लोजपा (रामविलास) 19, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा 5 और आरएलएम 4 सीटें जीतने में कामयाब रही थीं।




