मुंबई/नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ के घर जाकर गणेश पूजा में शामिल होने को लेकर राजनीति तेज हो गई है। उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा है कि सीजेआई चंद्रचूड़ महाराष्ट्र मामले (उद्धव और शिंदे गुट के बीच शिवसेना पार्टी का नाम और सिंबल विवाद) की सुनवाई कर रहे हैं। तो ऐसे में पीएम मोदी के साथ उनके दोस्ताना रिश्ते देखकर हमें शंका हो रही है कि क्या हमें न्याय मिल पाएगा?
संजय राउत अपने बयान में कहा- ”अगर संविधान का संरक्षक राजनेताओं से मिलता है, तो यह लोगों के मन में संदेह पैदा कर सकता है। महाराष्ट्र के हमारे मामले की सुनवाई सीजेआई चंद्रचूड़ के सामने चल रही है। इसलिए हमें शंका है कि क्या हमें न्याय मिलेगा।
पीएम मोदी, केंद्र सरकार इस केस में दूसरी पार्टी हैं। चीफ जस्टिस को इस मामले से खुद को दूर कर लेना चाहिए। इस मामले में दूसरी पार्टी के साथ उनके संबंध खुलेआम नजर आ रहे हैं। तीन साल से तारीख पर तारीख मिल रही है। महाराष्ट्र में गैर कानूनी सरकार चल रही है। एनसीपी और शिवसेना जैसी पार्टी को जिस तरह तोड़ा गया, वह गलत है। पीएम मोदी खुद गैर कानूनी सरकार को बचाने में रूचि ले रहे हैं।”
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणेश पूजा में शामिल हुए। खास बात यह रही कि पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर इसकी तस्वीरें भी शेयर कीं।
सीजेआई चंद्रचूड़ और उनकी पत्नी कल्पना दास के साथ पीएम मोदी की मुलाकात का वीडियो भी सामने आया। वीडियो में सीजेआई अपने घर में पीएम मोदी का स्वागत करते दिखे। पीएम मोदी ने सीजेआई और उनके परिवार के साथ भगवान गणेश की आरती की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी मराठी पोशाक पहने हुए थे।




