यशवंत के बाद स्वदेशी जागरण मंच ने भी केन्द्र की नीतियों को लेकर उठाये गंभीर सवाल
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: पूर्व केन्द्र मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा के बाद स्वदेशी जागरण मंच ने भी केन्द्र सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्वदेशी जागरण मंच के सह संयोजक अश्विनी कुमार ने कहा कि मौजूदा आर्थिक नीतियों में कुछ चीजें हैं जिन्हें बदलना जरूरी है। रोजगार इस देश में एक राजनीतिक नारा बन गया है। जीएसटी के कारण छोटे कारोबारी प्रभावित हुए हैं। तो वहीं बेटे जयंत ने पिता को काउंटर करता लेख लिख डाला है। दूसरी ओर यशवंत के समर्थन में बागी शत्रुघ्न सिन्हा भी सामने आए हैं तो राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी सिन्हा की हिम्मत की दाद दी है।
राजनीतिक नारा बनने से रोकना आवश्यक
स्वदेशी जागरण मंच संयोजक ने कहा है कि यशवंत सिन्हा की राय से मैं पूरा सहमत नहीं हूं लेकिन मौजूदा आर्थिक नीतियों में बदलाव की जरूरत है। सरकार को रोजगार पैदा करने की जरूरत है, वरना यह राजनीतिक नारा बना रहेगा। जरूरत इस बात की है कि दीन दयाल उपाध्याय के विचारों पर अमल किया जाए। गौरतलब है कि अब तक अपनी आर्थिक नीतियों को लेकर बेहद उत्साहित दिख रही भाजपा को यशवंत का बयान बैकफुट पर ले आया है। जहां पार्टी सीधे जवाब देने से बच रही है वहीं कांग्रेस ने अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी है। दरअसल, पूर्व वित्त मंत्री ने वर्तमान वित्त मंत्री को लेकर तीखी टिप्पणी की थी।
शत्रुघ्न और लालू ने किया समर्थन
जहां भाजपा खुलकर कुछ बोलने से बच रही है वहीं पार्टी के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने यशवंत सिन्हा का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने ट्विट कर सरकार की खबर ली है। नसीहत दी है कि वो पूर्व वित्त मंत्री की बातों को नजरअंदाज ना करें। अपने एक के बाद एक किए ट्विट्स में शॉटगन ने यशवंत की काबिलियत को ध्यान में रखकर आगे बढ़ने की सलाह भी दी है।
Mr. Yashwant Sinha is a true statesman & a tried & tested man of wisdom, who has proven himself as one of the best & most successful....1>2
— Shatrughan Sinha (@ShatruganSinha) September 28, 2017
Mr. Sinha's utterances are always very well thought through & must always be taken seriously.
It would be childish to be dismissive of..3>4— Shatrughan Sinha (@ShatruganSinha) September 28, 2017
इस बीच राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी यशवंत सिन्हा का साथ दिया है। उन्होंने भी ट्विट के जरिए अपना पक्ष रखा है। लालू के मुताबिक यशवंत की यह बात पूरी तरह सच है कि तेजी से बढ़ रही देश की अर्थव्यवस्था पर नोटबंदी और बाद में जीएसटी ने करारा प्रहार किया है। लालू ने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। साथ ही माहौल भी कारोबारियों-व्यापारियों के खिलाफ है।
Every Indian feeling d pinch of plummeting prospects of economy & gloomy scene for businessmen. #YashwantSinha in BJP dared to underlined it
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) September 27, 2017
#YashwantSinha said either BJP leaders praise PM or keep quiet out of compulsion & fear.Do u need any other proof of dictatorship & fascism?
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) September 27, 2017
पुत्र जयंत नहीं रखते पिता से इत्तेफाक
वहीं नागर विमानन राज्यमंत्री और यशवंत सिन्हा के पुत्र जयंत सिन्हा पिता की बात से इत्तेफाक नहीं रखते हैं। पिता को जयंत ने टाइम्स ऑफ इंडिया में लिखे अपने लेख में काउंटर किया है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर कई सारे लेख लिखे गए हैं लेकिन अभी स्थिति ऐसी है जब हमें एक-दो क्वार्टर डाटा पर ध्यान देने के बजाए संरचनात्मक सुधार पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा है कि भाजपा मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने में जुटी है जोकि लंबे वक्त तथा न्यू इंडिया को काफी फायदा देने वाली है। उनके अनुसार नोटबंदी और जीएसटी को बढ़ावा देना गेमचेंजिंग की तरह है।
ज्यादा मजबूत है अर्थव्यवस्थाः गोयल
इन सबके बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सरकार का बचाव किया और कहा कि दुनिया देख रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले तीन सालों में भारत की अर्थव्यवस्था ने तेजी से विकास किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास में संभवतः पहली बार भारत वैश्विक विकास को ड्राइव कर रहा है। गोयल ने कहा कि इस सरकार ने अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर बड़े सुधार किए हैं, किसी ने सोचा नहीं था कि इतने बड़े देश में जीएसटी जैसे सुधार लागू करना संभव हो सकता है। भारत दुनिया के सबसे बड़े देशों में है जिसने जीएसटी लागू किया है।
हम तो पहले ही कह रहे थे- कांग्रेस
दूसरी ओर कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केन्द्र को घेरना शुरू कर दिया है। गुजरात के सुंदरनगर जिले में चोटिला के निकट एक छोटी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस आलेख के जरिए मोदी और जेटली पर निशाना साधा। गुजरात की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के आखिरी दिन उन्होंने कहा- मैंने आज वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा का एक आलेख पढ़ा। उन्होंने लिखा है कि मोदी जी और जेटली जी ने भारतीय अर्थव्यवस्था का विनाश कर दिया। यह मेरे विचार नहीं हैं बल्कि यह भाजपा नेता की राय है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी चिदम्बरम ने भी कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को कहा कि पूर्व वित्त मंत्री यशवन्त सिन्हा ने अर्थव्यवस्था की हालत को लेकर जो कुछ कहा है वह बिल्कुल सही है। कांग्रेस पिछले काफी समय स यही बाते कहती आ रही है।