लोकसभा चुनाव 2019 : अंतिम चरण 59 सीटों पर हुए चुनाव में 64 प्रतिशत मतदान, नतीजा 23 को
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में रविवार को सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की 59 सीटों पर संपन्न हुए चुनाव में 64.06 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग की तरफ से रात 10.00 बजे जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक, बिहार में 53.36 फीसदी, हिमाचल प्रदेश में 70.62, मध्य प्रदेश में 75.52, पंजाब में 64.95, उत्तर प्रदेश में 58.01, पश्चिम बंगाल में 73.51, झारखंड में 71.16 और चंडीगढ़ में 63.57 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतगणना 23 मई को होगी।
इस चरण में उत्तर प्रदेश की 13, (हाई-प्रोफाइल वाराणसी सहित), बिहार और मध्य प्रदेश की आठ-आठ, पश्चिम बंगाल की नौ, झारखंड की तीन, हिमाचल प्रदेश की चार, चंडीगढ़ की एक और पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। छह राज्यों में संसदीय सीटों के कई बूथों और दो विधानसभा क्षेत्रों में पुन: मतदान भी कराया गया। इन सीटों में केरल की कन्नूर और कासरगोड, तमिलनाडु की धर्मपुरी, थेनी, तिरुवल्लूर, कुड्डलोर और ईरोड, हरियाणा की फरीदाबाद, उत्तर प्रदेश की आजमगढ़, पश्चिम बंगाल की बांकुरा, आंध्र प्रदेश की चित्तूर संसदीय सीटों के कुछ बूथ और चंदगिरी विधानसभा सीट और ओडिशा जिले के 34 विधानसभा प्रखंड शामिल हैं। तमिलनाडु में चार विधानसभा सीटों पर, कर्नाटक में दो और पणजी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ। इस चरण में 10.1 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र थे। लोकसभा चुनाव के पिछले छह चरणों में औसतन 66.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उत्तर प्रदेश में सभी की निगाहें वाराणसी सीट पर हैं, जहां मोदी के मुख्य प्रतिद्वंद्वियों में कांग्रेस के अजय राय, सपा-बसपा महागठबंधन की उम्मीदवार शालिनी यादव शामिल हैं।
बिहार (9)- नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट, जहानाबाद।
हिमाचल प्रदेश (4)- कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, शिमला।
मध्यप्रदेश (8)- देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा।
पंजाब (13)- गुरदासपुर, अमृतसर, खडूर साहिब, जालंधर, होशियारपुर, आनंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर, पटियाला।
उत्तर प्रदेश (13)- महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज।
पश्चिम बंगाल (10)- दमदम, बारासत, बशीरहाट, जॉयनगर, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण, कोलकाता उत्तर।
चंडीगढ़ (1)- चंडीगढ़ (केंद्रशासित प्रदेश)
झारखंड (3)- राजमहल, दुमका, गोड्डा।
केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा और उत्तर प्रदेश भाजपा के मुखिया महेंद्र नाथ पांडेय क्रमश: गाजीपुर और चंदौली से फिर से जीत की उम्मीद कर रहे हैं। इस चरण में भाजपा उत्तर प्रदेश में 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, इसका सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) दो सीटों-मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज से चुनाव लड़ रहा है। मिर्जापुर से फिलहाल केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सांसद हैं। पंजाब में शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और हरदीप सिंह पुरी समेत 278 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला भी रविवार को होगा। छह लाख मतदाताओं वाली चंडीगढ़ लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार किरण खेर के खिलाफ पूर्व रेल मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार बंसल चुनाव मैदान में हैं।
अभिनेता से नेता बने सनी देओल, पंजाब कांग्रेस के मुखिया सुनील जाखड़ और आप की पंजाब इकाई के प्रमुख भगवंत मान अन्य चर्चित उम्मीदवार हैं। पंजाब में 13 में से ज्यादातार सीटों पर शिअद-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला प्रतीत हो रहा है। पश्चिम बंगाल की नौ सीटों-कोलकाता उत्तर और कोलकाता दक्षिण, दमदम, बारासात, बशीरहाट, जाधवपुर, डायमंड हार्बर, जयनगर (सुरक्षित) और मथुरापुर (सुरक्षित) पर 1,49,63,064 मतदाता 111 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। बिहार में सातवें चरण के मतदान में चार केंद्रीय मंत्रियों-रविशंकर प्रसाद, रामकृपाल यादव, आर के सिंह और अश्विनी कुमार चौबे सहित 157 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।
बिहार में सबकी नजरें पटना साहिब पर हैं जहां से नरेंद्र मोदी कैबिनेट के सबसे प्रमुख सदस्यों में एक रविशंकर प्रसाद कांग्रेस उम्मीदवार और भाजपा के टिकट पर दो बार इस सीट पर जीत चुके शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ मैदान में हैं। झारखंड में रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन सहित 42 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) प्रमुख और आठ बार सांसद रहे सोरेन दुमका सीट से फिर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने उनके खिलाफ सुनील सोरेन को मैदान में उतारा है। मध्य प्रदेश में देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगौन और खंडवा सीटों पर मतदान होगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश में चार लोकसभा सीटों पर 45 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा।