एम. ए. बेबी
आज भारत में सबसे अधिक संदर्भित की जाने वाली पुस्तक हमारे गणराज्य का संविधान है। प्रतिदिन हमारी अदालतों में समाज के विभिन्न तबकों के जीवन और आजीविका से जुड़े असंख्य गंभीर मुद्दे उठाए जा रहे हैं, जो स्वाभाविक रूप से इस मामले से संबंधित विभिन्न संवैधानिक स्थितियों और बहसों को सामने लाते हैं। इसलिए, यह याद करना उचित होगा कि हमने संवैधानिक मूल्यों और उसके उतार-चढ़ाव की अपनी यात्रा कहां से शुरू की थी।
77 साल पहले, 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने एक ऐसा चार्टर अपनाया था, जो औपनिवेशिक दासता को तोड़कर उभर रहे एक गरीब और गहरे संस्तरों पर विभाजित देश के लिए एक असाधारण साहसिक कार्य था। इसने संपत्ति, जाति, लिंग या धार्मिक आस्था से परे, हर वयस्क को मतपेटी पर बराबरी का अधिकार देने का वादा किया था। तीखे विरोधों के बीच इस दस्तावेज का मार्ग प्रशस्त करने वाले डॉ. बी. आर. आंबेडकर जानते थे कि यह वादा नाजुक है। इसे अपनाए जाने से एक दिन पहले उन्होंने संविधान सभा से कहा भी था कि भारत अंतर्विरोधों के जीवन में प्रवेश करेगा, जहां राजनीतिक समानता के साथ ही सामाजिक और आर्थिक असमानता मौजूद रहेगी- राजनीति में ‘एक व्यक्ति, एक वोट’, लेकिन सामाजिक और आर्थिक ढांचे में ‘एक व्यक्ति, एक मूल्य’ से इंकार।
2014 के बाद, हिंदुत्ववादी सत्तावाद और नवउदारवादी पूंजीवाद आपस में जुड़कर एक ही ढांचे में तब्दील हो गए हैं। उनका वैचारिक दावा ‘सांस्कृतिक’ है, जहां राष्ट्र एक हिंदू राष्ट्र है और अल्पसंख्यक ऐसे मेहमान हैं, जिनकी नागरिकता सशर्त है और उनका भौतिक दावा कॉर्पोरेट है, जहां अर्थव्यवस्था शीर्ष पर संपत्ति को केंद्रित करती है और कामकाजी लोगों के बड़े हिस्से को अधिकारों के स्थान पर आकांक्षाओं की भाषा बोली जाती है। संवैधानिक दावा एक तरह से प्रबंधकीय है, जहां संस्थाएं कब्जा करने, अपने लोगों से भरने या दरकिनार करने के उपकरण मात्र हैं। प्रत्येक दावा दूसरे को मजबूत करता है। बहुसंख्यकवादी राज्य विरोध को राजद्रोह मानता है और एक ऐसी राजनीतिक शांति पैदा करता है, जिसमें पूंजी बिना किसी जवाबदेही के मुनाफा कमा सके। नवउदारवादी व्यवस्था कल्याणकारी योजनाओं को ध्वस्त करती है और वह ऐसी असुरक्षा पैदा करती है, जो शासकों के लिए सांप्रदायिक गोलबंदी को उपयोगी बनाती है।
आंबेडकर ने इस बात पर जोर दिया था कि संवैधानिक नैतिकता लोकतंत्र को जीवित रखती है, न कि केवल संविधान का पाठ। उन्होंने ‘अराजकता के व्याकरण’ के खिलाफ चेतावनी दी थी, लेकिन वह चेतावनी इस महत्वपूर्ण शर्त के साथ जुड़ी थी कि संवैधानिक रास्ते वास्तव में खुले रहने चाहिए। उन्होंने राजनीति में ‘भक्ति’ या नायक-पूजा के खिलाफ आगाह करते हुए इसे पतन और अंततः तानाशाही का निश्चित मार्ग बताया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि एक अच्छा संविधान भी बुरे हाथों में पड़कर बुरा बन जाता है, क्योंकि इसका कामकाज उन लोगों और पार्टियों पर निर्भर करता है, जो इसे चलाते हैं। इन्हें हमारे गणराज्य के लिए ऐसे निर्देशों के रूप में लिया जा सकता है, जिसे उन सामाजिक ताकतों से खुद को बचाना होगा, जिन्होंने समान नागरिकता के विचार को कभी स्वीकार नहीं किया है।
संघवाद- यह संवैधानिक मान्यता कि भारत राज्यों का एक संघ है, न कि एकात्मक राज्य, को लगातार खोखला किया गया है। राज्यपाल राजभवनों को भाजपा मुख्यालयों की चौकियों में बदल रहे हैं, और राजनीतिक सुविधा के अनुसार विधेयकों की मंजूरी में देरी कर रहे हैं तथा सरकारों को तलब और बर्खास्त कर रहे हैं। केंद्रीय एजेंसियों- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का इस्तेमाल सामान्य रूप से भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं, बल्कि विशेष रूप से विपक्षी सरकारों के खिलाफ किया जा रहा है। प्रस्तावित 130वां संवैधानिक संशोधन विधेयक इस तर्क को और आगे ले जाता है, जिससे एक ऐसा तंत्र तैयार होगा, जिसके द्वारा गैर-भाजपा राज्यों के निर्वाचित मंत्रियों को उन न्यायिक कार्यवाहियों के बल पर हटाया जा सकेगा, जिन्हें केंद्रीय एजेंसियां स्वयं शुरू करती हैं। यह संघवाद और संसदीय लोकतंत्र के लिए मृत्युदंड साबित होगा। जांच के उपकरणों और संवैधानिक राज्यपालों के पदों के एक ही पक्षपातपूर्ण तंत्र में विलय हो जाने से संवैधानिक विपक्ष के लिए जगह सिमट कर महज एक औपचारिकता रह गई है।
चुनावी मशीनरी पर कब्जा सबसे खतरनाक मोर्चा है, क्योंकि यह स्वयं राजनीतिक समानता की नींव को कमजोर करता है। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण ने सबूत का भार उलट दिया है। पंजीकृत मतदाताओं, जिन्हें पहले नागरिक माना जाता था, को अब उन्हें अपनी नागरिकता साबित करने के लिए कहा जा रहा है। चुनाव आयुक्तों ने उनकी सहमति के बिना जारी किए गए फैसलों पर बार-बार आपत्तियां उठाईं हैं। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने इस पुनरीक्षण को बरकरार रखा है और उसका यह निर्देश कि संदिग्ध नागरिकता के कारण हटाए गए नामों को केंद्र सरकार को भेजा जाए, ने मतदाता सूची से नागरिकता की जांच तक का एक रास्ता तैयार कर दिया है। जब इसे नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के साथ जोड़कर पढ़ा जाता है, तो असली एजेंडा स्पष्ट हो जाता है। इन दीर्घकालिक उद्देश्यों का लक्ष्य एक श्रेणीबद्ध नागरिकता की परियोजना को लागू करना है- एक ऐसा पदानुक्रम, जिसमें कुछ नागरिकों के पास जन्म से अधिकार हों और अन्य के लिए, वे राज्य की मर्जी पर टिके हों। आंबेडकर ने श्रेणीबद्ध असमानता को जाति व्यवस्था का सार कहा था। आरएसएस-भाजपा की हिंदुत्व परियोजना इसे स्वयं नागरिकता के स्तर पर पुनरुत्पादित करना चाहती है।
मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने के विश्लेषणों से पता चला है कि इसमें महिलाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के मतदाताओं तथा अल्पसंख्यकों को गैर-आनुपातिक ढंग से बाहर किया गया है। मताधिकार से वंचित होना प्रभावित लोगों के लिए एक जीवन-मरण की सजा भी है। बिहार में मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि मतदाता सूची से हटाए गए मतदाता राशन और कल्याणकारी योजनाओं के लिए अपात्र होंगे, और लाखों लोगों के नाम राशन सूचियों से काट दिए गए हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने भी ऐसा ही रुख अपनाया है। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि सूची से नाम कटने से नागरिकता स्वतः समाप्त नहीं हो जाती और उसने खाद्यान्न अधिकारों व जाति प्रमाण पत्रों से वंचित किए जाने पर चिंता भी व्यक्त की है, फिर भी बहिष्कार जारी है। इसे दो हमलों राजनीतिक और आर्थिक के संगम के रूप में समझा जाना चाहिए। राज्य पहले मतदाता सूची से नाम हटाता है और फिर राशन कार्ड, पेंशन और जाति प्रमाण पत्र वापस ले लेता है। कामकाजी लोगों, दलितों, आदिवासियों, विवाह के बाद प्रवास करने वाली महिलाओं और अनौपचारिक मजदूरों को राजनीतिक और सामाजिक दोनों तरह के अधिकारों से बाहर धकेला जा रहा है। जैसा कि आंबेडकर समझते थे, दस्तावेज संपत्ति का एक रूप हैं और वे ठीक उन्हीं लोगों के लिए दुर्लभ हैं, जिन्हें मुक्त करने के लिए संवैधानिक वादा किया गया था।
इस बीच, आंबेडकर ने जिस आर्थिक अंतर्विरोध की पहचान की थी, वह विद्रूपता की हद तक गहरा गया है। ‘विश्व असमानता रिपोर्ट 2026’ के अनुसार, भारत के शीर्ष दस प्रतिशत लोग राष्ट्रीय आय का 58 प्रतिशत हिस्सा हथिया लेते हैं, जबकि निचले आधे हिस्से को केवल 15 प्रतिशत मिलता है। शीर्ष एक प्रतिशत के पास चालीस प्रतिशत संपत्ति है। उच्च जातियों के पास अरबपतियों की लगभग नब्बे प्रतिशत संपत्ति है। उदारीकरण की व्यवस्था ने ऐसे विकास का वादा किया था जो सभी का जीवन-स्तर ऊपर उठाएगा। बहरहाल, इसने केवल एक झीने संस्तर के लिए स्वर्ण युग और बहुसंख्यकों के लिए स्थिर मजदूरी, असुरक्षित काम और निजीकृत सार्वजनिक सेवाएं ही पैदा की हैं। नवउदारवादी नीति और हिंदुत्व का एक सहजीवी संबंध है। यह नीति वह भौतिक असुरक्षा प्रदान करती है, जो सांप्रदायिक रूप से बलि का बकरा बनाने को विश्वसनीय बनाती है और यह नीति वह राजकोषीय मितव्ययिता लाती है, जो उस कल्याणकारी राज्य को भूखा रखती है, जिस पर गरीब निर्भर हैं। हिंदुत्व मजदूर वर्ग के बीच विभाजन को तीव्र करके इस नीति की मदद करता है।
संविधान उन लोगों की नैतिकता पर निर्भर करता है, जो इसे चलाते हैं। राजनीति में नायक-पूजा गणराज्य का पतन करती है। देश से ऊपर धार्मिक विश्वासों को रखना स्वयं स्वतंत्रता को खतरे में डालना है। वर्तमान शासन ने नेता का एक कल्ट बना लिया है, राज्य को पार्टी के अधीन और संविधान को इस कल्ट के अधीन कर दिया है। इसने संवैधानिक निकायों को राजनीतिक विषयों के उपकरणों में बदल दिया है और नागरिकता की मशीनरी का उपयोग आबादी को प्रथम श्रेणी और संदिग्ध श्रेणियों में बांटने के लिए किया है। इसने एक छोटे से कुलीन वर्ग को संपत्ति संचय करने की अनुमति दी है, जबकि कामकाजी लोगों की बड़ी आबादी से कहा जाता है कि उनके बलिदान देशभक्ति का एक रूप हैं।
आज संविधान की रक्षा करने का अर्थ केवल पाठ की रक्षा करना नहीं है, बल्कि इस सिद्धांत की रक्षा करना है कि राजनीतिक समानता अनिश्चित काल तक सामाजिक और आर्थिक असमानता के साथ सह-अस्तित्व में नहीं रह सकती। इसका अर्थ है मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण पर तत्काल रोक लगाने, पंजीकृत मतदाताओं के लिए नागरिकता की पूर्वधारणा को बहाल करने, कल्याणकारी योजनाओं को मतदाता सूची से अलग करने, चुनाव आयोग के भीतर पारदर्शी असहमति और आयुक्तों की स्वतंत्र नियुक्ति की मांग करना। इसका अर्थ इस बात पर जोर देना है कि संघवाद राज्यों के लिए कोई रियायत नहीं है, बल्कि एक बहुलतावादी गणराज्य का संवैधानिक रूप है। इसका अर्थ उस श्रेणीबद्ध नागरिकता को अस्वीकार करना है, जिसे सत्तारूढ़ व्यवस्था तैयार कर रही है और 1949 के उस महत्वपूर्ण वादे की पुष्टि करना है कि एक व्यक्ति एक वोट के बराबर है, जिसका एक ही मूल्य है।
आंबेडकर ने पूछा था कि भारतीय कब तक विरोधाभासों का जीवन जिएंगे। वह प्रश्न प्रत्येक पीढ़ी के लिए मतपेटी की राजनीतिक समानता और रोजमर्रा के जीवन की सामाजिक व आर्थिक असमानता के बीच की खाई को पाटने की एक चुनौती थी। इस चुनौती को एक ऐसे शासन द्वारा पीछे धकेल दिया गया है, जिसने असमानता को अपने शासन का सिद्धांत और बहुसंख्यकवाद को अपने को वैधता प्रदान करने का तरीका बना लिया है। कामकाजी लोगों, किसानों, दलितों और आदिवासियों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों, छात्रों और युवाओं के सामने यह कार्यभार है कि वे संविधान को उन लोगों के हाथों से वापस लें, जिन्होंने इसे इसकी परिवर्तनकारी विषय वस्तु से खाली कर दिया है। संवैधानिक नैतिकता का संघर्ष अस्तित्व के संघर्ष का विरोधी नहीं है। इसे उसी स्पष्टता के साथ लड़ा जाना चाहिए, जिसके बारे में आंबेडकर ने संविधान सभा को चेतावनी दी थी, और उसी दृढ़ संकल्प के साथ यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि राजनीतिक लोकतंत्र के ढांचे को उन लोगों द्वारा ध्वस्त न कर दिया जाए, जिनसे समानता का वादा किया गया था और जिन्हें केवल विरोधाभास ही मिला है।
(लेखक माकपा के महासचिव और पूर्व सांसद हैं।)



