वामपंथी नेताइन बृंदा करात ने झामुमो सांसद को ये क्या कह दिया?

साहिबगंज (झारखंड) : सीपीआई (एम) पोलित ब्यूरो सदस्य सह पूर्व सांसद बृंदा करात ने राजमहल के मौजूदा सांसद व राजमहल से झामुमो के प्रत्याशी विजय हांसदा पर जबरदस्त तरीके से हमला बोला। उन्‍होंने यहां मंगलवार को कहा कि विजय हांसदा जनता के नहीं, बल्कि कॉरपोरेट जगत के सांसद हैं।

बृंदा करात सीपीआई (एम) के प्रत्याशी गोपीन सोरेन के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए साहिबगंज पहुंचीं थी। मीडिया से मुखातिब वामपंथी नेता ने कहा, “विजय हांसदा कहने को भले ही एसटी कोटे के सांसद हैं, लेकिन उनको यहां की समस्याओं और जनहित के मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है। उनकी जुबान पर ताला लगा हुआ है और उसकी चाबी कंपनियों के हाथ में है।”

उन्‍होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से केंद्र में भाजपा और आरएसएस की जो सरकार चल रहा है, उसे हटाना ही हमारी प्राथमिकता है। मोदी सरकार देश के सभी संवैधानिक व्यवस्थाओं को ध्वस्त करना चाहती है। ऐसे में ‘मोदी हटाओ देश बचाओ’ ही एकमात्र विकल्प बच गया है।

वृंदा करात ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में गुजरात से कंपनियों को लाए और यहां की जमीन उन्‍हें दे दी। झारखंड के आदिवासियों का हक छीना गया। जमकर लूट-खसोट की जा रही है। मौजूदा सांसद ये सब देख रहे हैं, लेकिन चुप हैं, क्‍योंकि वह न झारखंड मुक्‍ति मोर्चा के सांसद हैं और न ही जनता के सांसद हैं, वह सिर्फ प्राइवेट कंपनियों के सांसद हैं।

करात ने कहा कि साहिबगंज के गंगा का पानी गोड्डा स्थित अदाणी पावर प्लांट में भेजा जा रहा है, जबकि इस क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या है, लेकिन इस समस्या का निदान पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अदाणी पावर प्लांट में तैयार बिजली सीधे बांग्लादेश को भेजी जाती है। इस बिजली का लाभ साहिबगंज व गोड्डा जिले के लोगों को नहीं मिल रहा है।

उन्‍होंने कहा, “हमारी पार्टी के नेता प्रदीप यादव गोड्डा में लागों को जागरूक कर रहे हैं, उन्‍हें उनका हक दिलाने के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं, उन्‍हें जनता का समर्थन मिलना ही चाहिए। गोड्डा से प्राइवेट कंपनियों को खदेड़कर यहां के लोगों को उनका हक दिलाना है और तभी संभव है, जब लोग अपने अधिकार के लिए लड़ेंगे। सीपीआई (एम) इस लड़ाई में हर कदम पर उनका साथ दे रही है और देती रहेगी।”

वृंदा करात ने कहा, “मैं साहिबगंज के लोगों से अपील करती हूं कि वे यहां से कंपनी राज खत्‍म करने के लिए सीपीआई (एम) के प्रत्याशी गोपीन सोरेन के पक्ष में वोट करें।” मालूम हो कि राजमहल लोकसभा क्षेत्र में आगामी एक जून को मतदान होना है।

Previous articleकेजरीवाल ने सीएम योगी को दी सलाह- पहले तो बीजेपी में अपने दुश्मनों से निपटो फिर हमें गाली देना
Next articleजानिए! राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल और अशोक हॉल की कहानी जो बन गया इतिहास
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here