केजरीवाल ने सीएम योगी को दी सलाह- पहले तो बीजेपी में अपने दुश्मनों से निपटो फिर हमें गाली देना

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार एक के बाद एक बीजेपी पर हमलावर हैं। उन्होंने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बार फिर बीजेपी और पार्टी के नेताओं पर निशान साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल दिल्ली आए थे। उन्होंने मुझे गालियां दीं। योगी जी मैं आपसे विनम्रतापूर्वक कहना चाहता हूं कि आपके असली दुश्मन तो आपकी अपनी ही पार्टी में हैं। बीजेपी में अपने दुश्मनों से लड़िये। आप केजरीवाल को गाली क्यों दे रहे हैं? आपको भी मालूम है कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह आपको हटाना चाहते हैं। आपको यूपी के सीएम की कुर्सी से हटाने की पूरी तैयारी चल रही है। आप उनसे निपटिए।

केजरीवाल ने कहा कि पांचवें चरण का चुनाव पूरा हो गया है। जैसे-जैसे चुनाव होते जा रहे हैं, वैसे-वैसे साफ होता जा रहा है कि 4 जून को मोदी सरकार जा रही है और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। कोई लोगों ने सर्वे किए हैं और जो नतीजे सामने आ रहे हैं उससे साफ है कि 4 जून को इंडिया गठबंधन को 300 से ज्यादा सीटें मिल रही हैं। इंडिया गठबंधन देश को साफ और स्थिर सरकार देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि कल दिल्ली में अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के समर्थकों को पाकिस्तानी कहा। अमित शाह बताएं कि क्या पंजाब के लोग पाकिस्तानी हैं? क्या दिल्ली के लोग पाकिस्तानी हैं? क्या गुजरात या गोवा के लोग पाकिस्तानी हैं? गुजरात के 14 फीसदी लोगों ने आम आदमी पार्टी को वोट दिया है, क्या वे पाकिस्तानी हैं? ये किस तरह की भाषा है। आपको प्रधानमंत्री ने अपना वारिस चुना है तो क्या आपको इतना अहंकार हो गया है। मैं आपको बता देता हूं कि आप प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं। आपकी सरकार भी 4 जून को नहीं बन रही है।

इस बीच अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ मुहिम तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शैली ओबेरॉय के नेतृत्व में मंगलवार को ‘जेल का जवाब वोट से’ हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में शैली ने कहा, “हम हस्ताक्षर के माध्यम से जनता का समर्थन ले रहे हैं। भाजपा की जो तानाशाही देश में चल रही है, जनता उसका जवाब वोट से देने के लिए तैयार है।”

मालूम हो कि विगत 21 मार्च को दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद केजरीवाल को लोकसभा चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से अंतरिम जमानत मिली है। कोर्ट ने उन्हें गत 2 जून को सरेंडर करने का निर्देश दिया है।

Previous articleजेपी नड्डा ये सब क्या बोल गए? बीजेपी को अब RSS की कोई जरूरत नहीं है
Next articleवामपंथी नेताइन बृंदा करात ने झामुमो सांसद को ये क्या कह दिया?
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here