तेहरान/यरुशलम: लेबनान में जारी इजराइली सैन्य कार्रवाई के बीच ईरान ने एक बार फिर दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का ऐलान कर दिया है। इस कदम ने अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुए शांति समझौते पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ईरान की जॉइंट मिलिट्री कमांड ने सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित बयान में कहा कि लेबनान पर लगातार हो रहे इजराइली हमलों के जवाब में यह फैसला लिया गया है। गौरतलब है कि 17 जून की रात अमेरिका और ईरान के बीच हुए प्रारंभिक शांति समझौते में होर्मुज स्ट्रेट को खोलने और लेबनान में सैन्य कार्रवाई रोकने जैसी महत्वपूर्ण शर्तें शामिल थीं। हालांकि समझौते के बाद भी इजराइल ने लेबनान में अपने हमले जारी रखे।
स्थिति को संभालने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पहल पर 19 जून की रात इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर की घोषणा की गई थी, लेकिन यह समझौता ज्यादा देर टिक नहीं सका। सीजफायर लागू होने के महज आठ घंटे बाद ही दोनों पक्षों के बीच संघर्ष दोबारा शुरू हो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजराइली सेना ने ड्रोन और तोपखाने की मदद से लेबनान के नबातियेह क्षेत्र में हमला किया, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कहा है कि इजराइल अपनी सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा और गाजा तथा लेबनान में सैन्य अभियान जारी रखेगा।
उधर, ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने विदेश मंत्री अब्बास अराघची को अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से संभावित मुलाकात के लिए यूरोप नहीं जाने की सलाह दी थी। एजेंसी का कहना था कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए 14 सूत्रीय समझौते की पहली और सबसे अहम शर्त लेबनान पर हमले रोकना था, जो अब टूट चुकी है। ऐसे में वाशिंगटन के साथ बातचीत जारी रखना ईरान के हित में नहीं होगा।
तस्नीम ने अपनी रिपोर्ट में यह भी सुझाव दिया था कि ईरान को जल्द से जल्द होर्मुज स्ट्रेट बंद करने जैसे कड़े कदम उठाने चाहिए। तस्नीम एजेंसी को आमतौर पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के करीबी मीडिया संस्थानों में गिना जाता है।
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच प्रारंभिक शांति प्रक्रिया को बचाने की कोशिशें जारी हैं। इसी उद्देश्य से कई देशों के राजनयिक शनिवार को स्विट्जरलैंड में बैठक कर रहे हैं। स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मध्य स्विट्जरलैंड के ल्यूसर्न के निकट स्थित बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि क्षेत्रीय तनाव कम करने और संवाद बनाए रखने पर चर्चा कर रहे हैं।




