एग्जाम से 24 घंटे पहले महाराष्ट्र में TET पेपर लीक, लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत पर फिरा पानी

4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में, भिवंडी में छापेमारी के बाद कई हिरासत में; देश में पेपर लीक की बढ़ती घटनाओं ने भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर खड़े किए गंभीर सवाल।

मुंबई। महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का प्रश्नपत्र परीक्षा से लगभग 24 घंटे पहले लीक होने का मामला सामने आने के बाद राज्य सरकार को परीक्षा स्थगित करनी पड़ी। रविवार को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। परिषद ने कहा है कि नई परीक्षा तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।

इस परीक्षा में 4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी। महाराष्ट्र में सरकारी शिक्षक बनने के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। पहले से कार्यरत कई शिक्षकों के लिए भी यह परीक्षा आवश्यक मानी जाती है।

पुलिस के अनुसार पेपर लीक की सूचना मिलने के बाद ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में कई स्थानों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान बरामद प्रश्नपत्रों का मिलान महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल के अधिकारियों से कराया गया, जिसके बाद पेपर लीक की पुष्टि हुई।

पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या सार्वजनिक नहीं की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने से पहले कैसे बाहर आया और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय था।

परीक्षा रद्द होने से लाखों अभ्यर्थियों की महीनों की तैयारी पर फिलहाल पानी फिर गया है। दूर-दराज़ के जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की तैयारी कर चुके उम्मीदवारों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सोशल मीडिया पर भी अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।

देश में पिछले कुछ वर्षों में भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। इन घटनाओं ने सरकारी भर्ती प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

प्रमुख पेपर लीक घटनाएं

  • NEET-UG 2024: मेडिकल प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों ने पूरे देश में विवाद खड़ा कर दिया। मामला सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचा और इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई। कई राज्यों में गिरफ्तारियां हुईं।
  • UGC-NET 2024: परीक्षा शुरू होने के एक दिन बाद ही केंद्र सरकार ने संभावित अनियमितताओं के आधार पर यूजीसी-नेट परीक्षा रद्द कर दी थी। बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई।
  • उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2024: लगभग 48 लाख अभ्यर्थियों वाली इस परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परीक्षा निरस्त करनी पड़ी। बाद में दोबारा परीक्षा आयोजित की गई।
  • राजस्थान REET पेपर लीक (2021): शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में कई गिरफ्तारियां हुईं और राज्य सरकार को व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा।
  • बिहार शिक्षक भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं: बिहार में भी पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और सॉल्वर गैंग के मामले सामने आते रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां हुईं।
  • हरियाणा, झारखंड और मध्य प्रदेश: विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में समय-समय पर पेपर लीक और परीक्षा माफिया के सक्रिय होने के मामले सामने आ चुके हैं, जिसके चलते कई परीक्षाएं रद्द या स्थगित करनी पड़ीं।

पेपर लीक पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 लागू किया था। इस कानून में पेपर लीक, परीक्षा में धोखाधड़ी और संगठित अपराध के मामलों में कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसके बावजूद विभिन्न राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।

बहरहाल, महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही बाजार में पहुंच जा रहे हैं, तो लाखों युवाओं की मेहनत और भविष्य की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? हर बार जांच, गिरफ्तारियां और नई परीक्षा की घोषणा तो होती है, लेकिन परीक्षा माफिया पेपर लीक माफिया पर स्थायी रोक लगाने की चुनौती अब भी बनी हुई है।

Previous articleसोनिया का मोदी सत्ता पर बड़ा हमला; गाजा पर सरकार की चुप्पी देशहित के खिलाफ
Next articleअमेरिका का ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमले, तेहरान ने भी किया पलटवार
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

1 COMMENT

  1. विश्व गुरु भारत पेपर लीक में बना रहा नया कीर्तिमान।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here