सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और सपा को क्यों कहा भस्मासुर?

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक सरकारी कार्यक्रम के सिलसिले में गाजियाबाद में थे। शहर के घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में वृहद रोजगार मेला कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान सीएम योगी ने कांग्रेस और सपा को भस्मासुर तक कह दिया। इस दौरान सीएम योगी ने 10,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, 632 लाभार्थियों को ₹327 करोड़ से अधिक का ऋृण एवं 6,000 से अधिक युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन का वितरण किया।

गाजियाबाद के रामलीला मैदान का यह कार्यक्रम सरकारी कम राजनीतिक ज्यादा महसूस किया गया। इसी साल गाजियाबाद में विधानसभा उपचुनाव जो है। अपने संबोधन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा बेटियों के साथ दरिंदगी करने वालों का गैंग बन चुकी है। पिछले कुछ दिनों में बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले जितने भी दरिंदे पकड़े गए हैं, उन सबके संबंध समाजवादी पार्टी से हैं।

अपने संस्कार के अनुरूप सपा के नेता भारत की धर्म और संस्कृति के प्रतीक धर्माचार्यों को माफिया बोल रहे हैं। इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस चुकी है। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा भस्मासुर हैं, जब भी जनता ने इन्हें शक्ति प्रदान की, इन्होंने उसी शक्ति का दुरुपयोग जनता की आस्था पर प्रहार करने के लिए किया।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को आज भी 2017 के पहले की सरकारों की कारगुजारियां याद आती हैं। माफिया और दंगाई विपक्षियों की कमाई का जरिया थे। जब किसी की कमाई पर हमला होता है तो उसका गैंग लीडर उग्र हो जाता है। फिर वह सामान्य शिष्टाचार को भूलकर अनर्गल प्रलाप करने लगता है।

माफिया और दंगाई के गायब होने से आज उनके आका परेशान हो गए हैं। सपा और कांग्रेस जाति के नाम पर वर्ग संघर्ष कराकर दंगाइयों को लूटपाट करने की छूट देती है। सीएम योगी ने कहा कि आने वाले तीन वर्ष उत्तर प्रदेश के लिए बेहद अहम हैं। तीन वर्ष में उत्तर प्रदेश को देश में नंबर एक की अर्थव्यवस्था बनाना है।

सीएम योगी ने कहा कि 2014 के पहले केंद्र की कांग्रेस सरकार हिन्दुओं को दबाने के लिए कानून बना रही थी। रामसेतु को तोड़ने की योजना पर कार्य कर रही थी। अयोध्या में राम मंदिर बनने के मार्ग में बाधक बन रही थी। कश्मीर में उग्रवाद को पनपा रही थी। देश की सुरक्षा में सेंध लगा रही थी।

वहीं 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में सपा भी कांग्रेस के नक्शेकदम पर चल रही थी। गुंडागर्दी और अराजकता चरम पर थी। हर दूसरे दिन प्रदेश में कहीं न कहीं दंगे होते थे। पूर्ववर्ती सरकारें प्रदेश के युवाओं का शोषण करती थीं। उनके कार्यकाल में किसान आत्महत्या के लिए मजबूर थे और व्यापारियों को पलायन करना पड़ता था। बेटियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी।

आज नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में बेटियां भी सुरक्षित हैं और व्यापारी वर्ग का भी सम्मान होता है। युवाओं के लिए रोजगार है तो किसान भी आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार साढ़े सात साल में साढ़े छह लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है।

प्रदेश के इतिहास में पहली बार 40 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे लगभग प्रदेश के डेढ़ करोड़ युवाओं को नौकरियां मिलेगी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत डबल इंजन सरकार अगले कुछ वर्षों के अंदर 10 लाख युवाओं को पहले पांच लाख और दूसरे चरण में 10 लाख रुपए का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने जा रही है।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में शायरी के माध्यम से भी कांग्रेस और सपा पर हमला किया। उन्होंने कहा- नजर नहीं है नजारों की बात करते हैं, जमीं पे चांद-सितारों की बात करते हैं। वो हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले, भरी सभा में सुधारों की बात करते हैं…।

Previous articleवन नेशन वन इलेक्शन को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी, इसी साल संसद में आएगा विधेयक
Next articleनितिन गडकरी ने राजा के खिलाफ अब ये क्या कह दिया?
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here