PAN Card 2.0 : पैन कार्ड को लेकर कई दिनों से देश के लाखों लोगों में उलझन पैदा हो रखी है। दरअसल, मोदी मंत्रिमंडल की बैठक में बीते सोमवार यानी 9 दिसंबर 2024 को PAN 2.0 प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विवी वैष्णव की मानें तो इसके लिए सरकार 1435 करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है। सरकार की इस कवायद के पीछे मौजूदा पैन के नंबर को बदले बिना पैन कार्ड को एडवांस किया जाना है। तो क्या PAN 2.0 वाला पैन कार्ड सबको बनवाना जरूरी है?
बिलकुल नहीं। अगर आपको लगता है कि हम पुराने पैन कार्ड से खुश हैं तो कोई जरूरी नहीं नया पैन कार्ड बनवाना। दरअसल, पैन के इस्तेमाल को और सुरक्षित बनाने और इसके जरिए ऑथेंटिकेशन को सहज और सरल बनाने के लिए नए पैन 2.0 में एक क्यूआर कोड दिया जा रहा है जिसे स्कैन करके आसानी से वेरिफिकेशन यानी सत्यापन किया जा सकेगा। बायोमेट्रिक और आधार इंटीग्रेशन से पहचान की चोरी और पैन का गलत इस्तेमाल रोका जा सकेगा। PAN 2.0 से टैक्स फाइलिंग भी आसान हो जाएगी।
अश्विनी वैष्णव ने पत्रकारों से बातचीत में इस बात का जिक्र भी किया कि नए पैन कार्ड QR कोड वाले होंगे। इसके लिए पेपरलेन यानी ऑनलाइन प्रोसेस अपनाई जाएगी। लोगों को QR कोड वाले पैन के लिए अलग से खर्च करने की जरूरत नहीं होगी। नए पैन में डेटा पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा। किसी भी शिकायत के समाधान के लिए ग्रेविएंस रेफरल सिस्टम तैयार किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि पैन कार्ड को कॉमन बिजनेस आइडेंटिफायर बनाया जा सके।
पुराने पैन कार्ड की वैधता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जो नए पैन के लिए आवेदन करेंगे उन्हें ही यह PAN 2.0 मिलेगा। अगर आप क्यूआर कोड वाला नया पैन कार्ड चाहते हैं तो आवेदन कर सकते हैं। यह रजिस्टर्ड ईमेल पर मिल जाएगा। वहां से इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके लिए दो अधिकृत एजेंसियां के जरिये आवेदन कर सकते हैं। ये प्रोटीन (पूर्व में एनएसडीएल ई-गवर्नेंस) व यूटीआई इन्फ्रास्ट्रक्चर टेक्नोलॉजी एंड सर्विसेज लिमिटेड (यूटीआईआईटीएसएल) हैं। रीप्रिंट के लिए किस एजेंसी से संपर्क करना है, यह जानने के लिए अपने पैन कार्ड के पीछे चेक कर सकते हैं।
जिनका पुराना पैन प्रोटीन के जरिए प्रोसेस है या आईटीडी के ई-फिलिंग पोर्टल पर ‘इंस्टेंट ई-पैन’ सुविधा के जरिए मिला है। ऐसे धारक पैन रीप्रिंट के लिए https://www.onlineservices.nsdl.com/paam/ReprintEPan.html पर आवेदन करें। यहां पैन, आधार जैसी जानकारी भरकर और ओटीपी जैसी औपचारिकताएं पूरी करके पैन डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं, जिनका पैन यूटीआई आईटीएसएल द्वारा जारी है, उन्हें https://www.pan.utiitsl.com/reprint.html पर जाना चाहिए।
बहरहाल, अगर आपको क्यूआर कोड वाले फिजिकल कार्ड चाहिए तो इसके लिए 50 रुपए की फीस भरनी होगी। फिजिकल फॉर्म में शुल्क जमा करने पर कार्ड रीप्रिंट होकर 20 दिनों में नया पैन कार्ड आपके रजिस्टर्ड पते पर आ जाएगा।
पैन कार्ड का इतिहास : पैन कार्ड 10 अंकों का एक ऐसा नंबर होता है जिसे इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से जारी किया जाता है। सभी भारतीयो के लिए पैन कार्ड बेहद जरूरी दस्तावेज है। ये न सिर्फ पहचना पत्र के तौर पर इस्तेमाल होते हैं बल्कि इनका उपयोग वित्तीय मामलों में भी होता है। पैन कार्ड को 1972 में इनकम टैक्स के सेक्शन 139ए के तहत जारी किया गया था।




